वृन्दावन इंस्टीट्यूट ऑफ नेचुरोपैथी एंड योगिक साइंसेज में आपका स्वागत है, जहाँ प्राचीन ज्ञान आधुनिक पद्धति से मिलता है। वृन्दावन के शांत और आध्यात्मिक वातावरण में स्थित, हमारा संस्थान प्राकृतिक चिकित्सा और योग विज्ञान के सिद्धान्तों के माध्यम से प्राकृतिक उपचार और समग्र कल्याण को बढ़ावा देने के लिए समर्पित है।

प्रकृति हमारी माँ है जो हमें जीवन प्रदान करती है | वर्तमान में निज स्वार्थ के वशीभूत हो ज्यों-ज्यों प्रकृति का दोहन हो रहा है , समस्याएं बढ़ रही हैं , रोग बढ़ रहे हैं |
आधुनिक चिकित्सा विज्ञान में शोध हो रहे हैं, तथाकथित उच्च गुणवत्ता युक्त औषधियों का निर्माण हो रहा है, उच्च चिकित्सा शिक्षा प्राप्त चिकित्सकों की संख्या में भी निरंतर वृद्धि हो रही है, परन्तु इतना सब होने के बाबजूद भी भयानक रोगों की संख्या में निरंतर वृद्धि हो रही है – क्यों ? क्योकि हम प्रकृति से निरंतर दूर होते जा रहे हैं, हमने अपनी जीवन शैली ही बदल ली है | यही रोगों का मुख्य कारण है |
प्राकृतिक चिकित्सा में पञ्च-तत्वों — पृथ्वी,जल,अग्नि,वायु और आकाश के माध्यम से विकसित उपचारों को रोग निवारण हेतु शरीर पर उपयोग किया जाता है | मानव शरीर भी पञ्च तत्वों से बना है, अप्राकृतिक जीवन शैली से शरीर में विष की मात्रा बढ़ने से पञ्च तत्वों का असंतुलन होता है और शरीर रोग से ग्रस्त हो जाता है | इस स्थिति में प्राकृतिक चिकित्सा के माध्यम से पञ्च तत्वों को संतुलित करना ही रोग मुक्ति का सर्वोत्तम साधन है |

प्राकृतिक चिकित्सा एक सरल पद्धति है, इसके प्रयोग में भी अन्य चिकित्सा पद्धतियों की तुलना में में बहुत कम खर्च आता है | परन्तु व्यावसायिकता की अंधी दौड़ में प्राकृतिक चिकित्सा को जनसामान्य से दूर कर दिया गया | आज योग, प्राकृतिक चिकित्सा जैसी सर्व सुलभ पद्धतियों को इतना जटिल बना दिया गया है कि यह आम आदमी की पहुँच से बाहर होकर पञ्च सितारा होटलों या रिजार्ट्स में कैद होकर रह गयी है |
वृन्दावन इंस्टिट्यूट ऑफ़ नेचुरोपैथी एंड योगिक साइंसेज के माध्यम से नेचर केयर सोसाइटी का यह प्रयास है कि प्राकृतिक चिकित्सा को इतना सरल व सुलभ बना दिया जाये कि प्रत्येक व्यक्ति स्वयं अपना चिकित्सक बन सके एवं जीर्ण/जटिलतम रोगों से मुक्ति पा सके |

हमारे योग और प्राकृतिक चिकित्सा पाठ्यक्रमों के व्यावहारिक अनुप्रयोग को सुनिश्चित करने के लिए, हमने वृन्दावन के प्रमुख प्राकृतिक चिकित्सा अस्पताल – केशव प्राकृतिक चिकित्सा और योग संस्थान के साथ एक साझेदारी स्थापित की है। पश्चिम उत्तर प्रदेश में एक अग्रणी चिकित्सा केंद्र के रूप में, यह अस्पताल राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के तत्वावधान में संचालित होता है और हमारे व्यावहारिक प्रशिक्षण की रीढ़ के रूप में कार्य करता है, जिससे छात्रों को इन समग्र उपचार पद्धतियों के अनुप्रयोग में व्यावहारिक अनुभव प्राप्त करने की सुविधा मिलती है।